Flagship plans

Joharcg.com अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने आज बलौदाबाजार जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खरतोरा में धान खरीदी केन्द्र, पुरेना खपरी मंे संचालित गौठान और कुकदा, पौंसरी एवं खैरताल में जल जीवन मिशन के कार्यों का जायजा लिया। श्री साहू ने जल जीवन मिशन के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।        
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री साहू ने पुरैना खपरी के गौठान में संचालित गतिविधियों के अवलोकन के दौरान  यहां कार्यरत महिला समूहों से चर्चा कर उनकी आमदनी, उत्पाद विक्रय आदि की जानकारी ली। गौठान में विभिन्न कार्यों का जिम्मा 7 समूहों ने संभाल रखी है। वर्मी कम्पोस्ट संभालने वाली महिलाओं ने बताया कि पिछले लगभग एक साल में उन्हें डेढ़ लाख रूपये की आमदनी हुई है। इसके अलावा कड़कनाथ मुर्गा बेचकर 52 हजार रूपए, फूल का विक्रय कर 3 हजार रूपए, हल्दी विक्रय पर एक हजार रूपये, सब्जी के व्यवसाय पर 5 हजार रूपये और मछली के व्यवसाय पर 3 हजार रूपए की आमदनी उन्हें हुई हैं। अतिरिक्ति मुख्य सचिव श्री साहू ने महानदी वनिता के नाम से निर्मित विभिन्न उत्पादों का अवलोकन भी किया और इनकी बिक्री बढ़ाने के कुछ महत्वपूर्ण उपाय भी बताए।
 श्री साहू ने पौंसरी, खैरताल एवं कुकुदा में जल-जीवन मिशन के कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। खैरताल में उन्होंने जानकी बाई कुर्रे एवं संजय साहू के घर में स्थापित नल का निरीक्षण किया। अपने सामने पम्प चलवाकर पानी का प्रेशर की मात्रा और गुणवत्ता को परखा। उन्होंने हितग्राहियों से जल की उपलब्धता एवं आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। गौरतलब है कि पौंसरी में 487 घरों में से 322 एवं खैरताल में सभी 295 घरों में कनेक्शन दिये जा चुके हैं। श्री साहू ने बलौदाबाजार के जिला पीएचई कार्यालय परिसर में स्थापित जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और काम-काज की जानकारी ली। श्री साहू ने खरतोरा में धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण और किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने धान बेचने आए किसानों किसी तरह की परेशानी न हो इस बात का विशेष तौर पर ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।