रायपुर – मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने महाराजा चक्रधर सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि रायगढ़ के महाराजा चक्रधर सिंह ने संगीत और शास्त्रीय नृत्य कला की गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया। संगीत और नृत्य कला के संवर्धन और संरक्षण में उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए हर वर्ष रायगढ़ में अखिल भारतीय चक्रधर समारोह का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध कलाकारों के लिए अपनी कला की प्रस्तुति देते हैं। महाराजा चक्रधर सिंह ने नृत्य और संगीत विधा की अनेक साहित्यिक कृतियों की रचना की। उन्होंने शास्त्रीय नृत्य के रायगढ़ घराना को स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण के लिए दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश में छत्तीसगढ़ी लोक पर्वों को उत्साह के साथ मनाने की पहल की जा रही है, इससे जनता में अपनी गौरवशाली छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोककला और लोक पर्वांे के प्रति उत्साह का वातावरण बना है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि महाराज चक्रधर सिंह के संगीत और कला के क्षेत्र में योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य सरकार द्वारा उनके सम्मान में चक्रधर सम्मान की स्थापना की है।