Mayor Mr. Ajaz Dhebar inspected the proposed Covid-19 hospital
कोरोना मरीजों की सुविधा के लिए रायपुर नगर निगम तैयार कर रहा है 530 बेड के तीन नए अस्थायी कोविड-19 अस्पताल

रायपुर – कोरोना मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने रायपुर नगर निगम तीन अस्थायी कोविड-19 अस्पताल तैयार कर रहा है। महापौर श्री एजाज ढेबर ने इसके लिए की जा रही प्रशासनिक तैयारियों जानकारी लेने स्वयं प्रस्तावित परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यकता को देखते हुए युद्ध स्तर पर सभी जरूरी सुविधाओं से लेस कर इन अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग को सौंपने आवश्यक प्रबंध तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।

महापौर श्री एजाज ढेबर ने निर्देश दिया है कि इन परिसरों को कोविड-19 अस्पताल के रूप में तैयार कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने इस परिसर में भर्ती मरीजों के आमोद-प्रमोद व इंडोर खेल गतिविधियों से जोड़ने इंडोर जिम, कैरम, लूडो, आदि खेलों की व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया है। इसी तरह पानी, बिजली व नियमित साफ-सफाई के लिए नगर निगम के विशेष दस्ते के भी तैनाती के लिए उन्होंने अधिकारियों से कहा है।

नगर निगम रायपुर व रायपुर स्मार्ट सिटी कोरोना मरीजों को चिकित्सकीय सुविधा सुलभ कराने फुंडहर के कामकाजी महिला छात्रावास, अंतरराज्यीय बस स्टैंड, साइंस काॅलेज के समीप स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में अस्थायी कोविड-19 अस्पताल तैयार कर रहा है। कामकाजी महिला छात्रावास में 230 बेड, आईएसबीटी में 200 बेड और स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में 100 बेड के अस्पताल बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन अभियंता योजना राजेश शर्मा ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के दिशा निर्देशों के अनुरूप इन अस्पतालों को तैयार करने नगर निगम द्वारा की जा रही कार्यवाही से महापौर श्री ढेबर को अवगत कराया।

ज्ञात हो नगर निगम रायपुर व स्मार्ट सिटी ने मिलकर सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम को अस्थाई कोविड-19 अस्पताल में परिवर्तित किया है। जहां इस समय 226 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यहां मरीजों के मनोरंजन के लिए एलईडी स्क्रीन पर प्रेरक फिल्में व धारावाहिक प्रसारण भी किया जा रहा है। इसके अलावा लूडो, कैरम व इंडोर जिम की व्यवस्था भी कोरोना प्रभावित मरीजों के की गई है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाॅफ के सघन निगरानी में इन मरीजों का उपचार किया जा रहा है।