राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोबर खरीदी के भुगतान का ग्रामीणों से ली जानकारी

उत्तर बस्तर कांकेर- जिले के कलेक्टर श्री के.एल. चौहान ने आज चारामा एवं नरहरपुर तहसील के ग्राम शाहवाड़ा, चरभट्टी, उमरादाह, किशनपुरी, आंखीहर्रा, देवगांव, दलदली, चोरिया और साल्हेभाट में किसानों के खेत तक पहुंचकर पटवारियों द्वारा किये जा रहे गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया तथा उन्हे निर्देशित किया कि धान फसल की रकबा के साथ ही पड़ती भूमि के रकबा का भी विशेष रूप से चिन्हांकन किया जाय। कलेक्टर श्री चौहान ने ग्राम शाहवाड़ा में कृषक किशुन साहू के खेत पहुंचकर पटवारी द्वारा किये जा रहे गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया, कृषक द्वारा लगभग 1.70 एकड़ खेत में धान की फसल लेने की जानकारी दी गई। राजस्व रिकार्ड के अनुसार ग्राम शाहवाड़ा का कुल रकबा 326.74 हेक्टेयर है, जिसमें से 15 हेक्टेयर पड़त भूमि है। इस गावं के कुछ किसानों द्वारा पड़त भूमि में उड़द की खेती करने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चौहान ने तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि उड़द, मूंग, तिल, मक्का इत्यादि बोयी गई फसल के रकबा को धान पंजीयन में शामिल न किया गये। चरभट्टी के खाली पडे भूमि का जायजा लेते हुए तहसीलदार को पंजीयन में विशेष ध्यान देने की बात कही। उमरादाह के किसान चेतन राम जुर्री के आधा एकड़ खेत में बोई गई ब्लेक राईस धान का भी कलेक्टर ने अवलोकन किया। गांव के किसान बसंत कुमार नाग ने अपने 15 एकड़ भूमि में से 13 एकड़ भूमि में धान की फसल बोने की जानकारी दी। ग्राम किशनपुरी के कृषक परूषोत्तम जैन ने बताया कि ढ़ाई एकड़ में धान की फसल ली गई है, उनके द्वारा गत वर्ष एक एकड़ में 28 क्विंटल धान पैदावार होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री चौहान ने किशनपुरी के ग्रामीणों से चर्चा करते हुए फसल की सिंचाई, फसल की स्थिति, मछली पालन से होने वाली आमदनी तथा कृषि संबंधी जानकारी ली। कृषकों ने मछली पालन से अच्छी आमदनी होने की बात कही। कलेक्टर ने इस अवसर पर किसानों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोबर खरीदी के भुगतान की राशि खाते में आने के संबंध में पूछताछ किया।  
  कलेक्टर श्री चौहान ने ग्राम किशनपुर में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण करने के पश्चात ग्राम देवगांव, दलदली, चोरिया और साल्हेभाट में पटवारियो द्वारा किये जा रहे गिरदावरी कार्य का भी निरीक्षण किया तथा उन्हें विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों के खेत में जाकर ही गिरदावरी का कार्य किया जावे तथा धान के अलावा पड़त भूमि में ली गई अन्य फसल और पड़ती भूमि का भी रिकार्ड रखा जावे। उन्होंने इन गांवों में भी किसानों से चर्चा कर कृषि कार्य एवं फसल के स्थिति के संबंध में जानकारी लिया। ग्राम चोरिया में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाये गये पुल के टूटने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने स्वयं अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को नया पुल बनाने का भरोसा दिलाया। बिरनपुर एवं बहानापानी के उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरूस्त करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। गिरदावरी कार्य के निरीक्षण के दौरान एसडीएम कांकेर उमाशंकर बंदे, तहसीलदार नरहरपुर आशा मौर्य, नायब तहसीलदार ज्योत्सना कलिहारी तथा नायब तहसीलदार सरोना परमानंद बंजारे और राजस्व निरीक्षक ईश्वर नेताम मौजूद थे।

One reply on “नरहरपुर तहसील के विभिन्न ग्रामों में हो रहे गिरदावरी कार्य का कलेक्टर किया निरीक्षण”