रायपुर/नई दिल्ली । देश में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। प्रतिदिन रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 34 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं, 671 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। यह जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से दी गई है। भारत में कोविड-19 के मौजूदा 3.42 लाख मरीजों में से 1.94 फीसदी लोग ही आईसीयू में हैं और 0.35 प्रतिशत लोग वेंटिलेटर पर हैं। 2.81 फीसदी लोगों को ऑक्सीजन दिया जा रहा है जबकि ठीक होने की दर 63.33 फीसदी तक पहुंच गई है।

वहीं छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को 215 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले है। प्रदेश में सबसे से ज्यादा मामलों की पुष्टि राजधानी रायपुर में ही हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 34 हजार, 884 मामले सामने आए हैं, जिसके चलते कुल पॉजिटिव मामले की संख्या 10 लाख, 38 हजार, 716 पहुंच गई है। इनमें से 3 लाख, 58 हजार, 692 सक्रिय मामले हैं और 6 लाख, 53 हजार, 751 ठीक हो गए हैं। इसके अलावा कुल मौतों का आंकड़ा 26 हजार, 273 पहुंच गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि दुनिया की दूसरी सर्वाधिक आबादी वाले देश भारत में प्रति दस लाख में 727.4 मामले हैं जो कुछ यूरोपीय देशों की तुलना में चार से आठ गुना कम हैं। इसके साथ ही देश में महामारी से मृत्यु दर प्रति दस लाख में 18.6 है जो दुनिया में सबसे कम दर में से एक है।
00 देश में एन95 मास्क की कोई कमी नहीं :
मंत्रालय ने कहा कि सभी राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के समन्वित प्रयास, घर-घर सर्वेक्षण, संपर्क का पता लगाने, निरूद्ध जोन की निगरानी, लगातार जांच और समय पर उपचार के कारण ऐसा संभव हो सका है। भारत ने कोविड-19 रोगियों की अलग-अलग श्रेणी के लिए देखभाल के मानक प्रोटोकॉल का अनुपालन किया है। प्रभावी क्लीनिकल प्रबंधन नीतियों का सकारात्मक परिणाम भी मिला है। एन95 मास्क और निजी सुरक्षा उपकरण की भी कोई कमी नहीं है। केंद्र ने राज्य, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को 235.58 लाख एन95 मास्क और 124.26 लाख पीपीई किट उपलब्ध कराई हैं।
वहीं छत्तीसगढ़ मे अब तक कोरोना के कुल 2 लाख 32 हजार 873 व्यक्तियों का सैम्पल परीक्षण किया गया है, जिसमें से 4 हजार 976 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से अब तक 3 हजार 512 मरीज स्वस्थ्य होने के उपरांत डिस्चार्ज किए गए। स्वास्थ्य विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 1 हज़ार 440 मरीजों का उपचार जारी है। वहीं शुक्रवार शाम तक 61 मरीज डिस्चार्ज हुए है और छत्तीसगढ़ में अबतक 24 लोगो की कोरोना वायरस से मौत हुई है।

sources