दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले मेंबुधवार की सुबह बारसूर ब्लॉक स्थित सीएएफ कंजर्वेटिव आर्म फोर्स के कैंप में एक जवान की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त जवान कैंप परिषर में साफ-सफाई कर रहे थे, इसी दौरान एक जवान करंट की चपेट में आ गया। जब तक साथी उसे बचा पाते, वह पूरी तरह झुलस गया था और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृत जवान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला था। 


स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करंट लगने से सीएएफ जवान की आज सुबह मौत हो गई है। बारसूर थाना इलाके में स्थित सीएएफ़ कैम्प में यह घटना घटी है। मृतक जवान यहीं पदस्थ था। आज सुबह कुछ जवान नाली की सफाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि एक इलेक्ट्रिक वायर नाली के पास से होकर गुजरा था।


जवान का ध्यान उस ओर नहीं गया और वह उस तरंगित तार की चपेट में आ गया। इस दौरान आस-पास मौजूद साथियों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई और उसने मौके पर ही दम तोड दिया। मृतक जवान का नाम मुन्नाराम यादव बताया गया है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ग्राम बजावन (बलिया जिला) का निवासी था।

sources