किसानों की 20 साल पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी

रायपुर – मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए दुगली में आज धान खरीदी केंद्र खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत ने भी दुगली में खरीदी केन्द्र खोलने की मंशा जाहिर की थी। दुगली में धान खरीदी केन्द्र शुरू करने के लिए सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित धान खरीदी केन्द्र खोलने के लिए आंदोलनरत किसानों ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार जताया है।

धमतरी जिले के कलेक्टर श्री जयप्रकाश मौर्य ने आज ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों के साथ दुगली में खरीदी केन्द्र के लिए स्थल का मुआयना किया। इस मौके पर खरीदी केन्द्र खोलने के लिए पूजा-अर्चना भी की गई। कलेक्टर ने इस मौके पर किसानों को बताया कि इस क्षेत्र की पंचायतों में पंजीकृत किसानों की संख्या आदिवासी अंचल के लिए तय संख्या 1200 और धान खरीदी न्यूनतम 30 हजार क्विंटल नहीं होने के कारण यहां धान खरीदी केन्द्र खोला जाना तकनीकी रूप से संभव नहीं था, किन्तु जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप राज्य शासन द्वारा धान खरीदी केन्द्र के लिए बने नियम को शिथिल करते हुए दुगली में खरीदी केन्द्र खोलने का फैसला किया है। गौरतलब है कि यहां पांच पंचायत के 11 गांव के किसान डोंगरडुला खरीदी केंद्र के बजाय दुगली में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर धमतरी-नगरी स्टेट हाईवे में आंदोलनरत थे। इन ग्रामीणों की लगभग बीस साल पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हो गई है।