कलेक्टर जनदर्शन

joharcg.com रायपुर। ग्राम खोरसी, भैंसा निवासी रतन यादव के लिए आज का दिन विशेष था। उनकी करीब 9 माह पुरानी समस्या का समाधान कलेक्टर जनदर्शन में कुछ क्षणों में ही हो गया। इतने तेज समाधान से  श्री यादव बहुत प्रसन्न हैं। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर कर जिला प्रशासन को इसके धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सुशासन की राह पर बढ़ चला है। श्री यादव ने कलेक्टर जनदर्शन में आज डॉ गौरव सिंह को अपनी समस्या बताई।

उन्होंने बताया कि उनके पिता स्व. भुवन लाल यादव की आकस्मिक मृत्यु विगत वर्ष अक्टूबर माह में हो गई थी। उनकी मृत्यु उपरांत उन्होंने मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अन्तर्गत मिलने वाली सहायता राशि के लिए श्रम विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया लेकिन आवेदन देने के बाद अब तक सहायता राशि प्राप्त नहीं हो पाई है। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने उनकी बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और आवेदन पर संज्ञान लेते हुए जिला श्रम अधिकारी से मामले की पूरी जानकारी ली और निराकरण करने आदेशित किया

कलेक्टर डॉ. सिंह के निर्देशन पर रतन यादव को तुरंत ही सहायता राशि का ऑनलाइन आर.टी.जी.एस. भुगतान किया गया एवं श्री यादव को 1 लाख रुपये राशि का प्रतीकात्मक चेक दिया गया। श्री रतन यादव ने त्वरित समाधान से प्रसन्न होकर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह को धन्यवाद दिया।