निकल पड़ा खुशियों का कारवां : रिमझिम फुहार के बीच किसानों की खुशी हुई दुगुनी

गोधन न्याय योजना के तहत 37 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों के खाते में जमा

53 हजार 376 तेन्दूपत्ता संग्राहकों के खाते में 10 करोड़ 46 लाख 98 हजार रूपए हस्तांतरित

राजनांदगांव – राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राशि मिलने पर किसानों के चेहरे पर उल्लास और खुशी छलक रही थी। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिले के एक लाख 65 हजार 275 किसानों के खातों में दूसरी किश्त की राशि 119 करोड़ 56 लाख 55 हजार रूपए की राशि डीबीटी के द्वारा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं अधिनस्थ 30 शाखाओं के माध्यम से जमा की। इस अवसर पर जिले में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी की दूसरी किश्त की 37 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों को सीधे खाते में हस्तांतरित की गई, वहीं तेन्दूपत्ता संग्रहण प्रोत्साहन पारिश्रमिक 10 करोड़ 46 लाख 98 हजार 138 रूपए की राशि 53 हजार 376 तेन्दूपत्ता संग्राहकों के खाते में जमा की गई।

रिमझिम फुहार के बीच किसानों की खुशी दुगुनी हो गई जब उन्हें यह राशि मिली। ग्राम घुमका के किसान श्री उमेन्द चंद ने कहा कि इस योजना के तहत पहली किश्त की राशि से ट्रेक्टर लिए थे और अब दूसरे किश्त से प्राप्त 1 लाख 85 हजार 470 रूपए की राशि से खेती-बाड़ी के कार्य में गति आएगी। किसान श्री उमेन्द चंद एवं उनके पुत्र श्री नवीन कुमार लुनिया ने किसान हितैषी योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्राम हडुवा के किसान श्री डेरहा राम लोधी ने कहा कि उन्हें 25 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई है। निंदाई-गुड़ाई के कार्य के लिए ऐन वक्त पर राशि मिलने पर उन्होंने शासन को धन्यवाद दिया। ग्राम घुमका के किसान श्री नवनीत सिंह चंदेल ने बताया कि इस योजना के तहत 14 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई है। खेती-किसानी का कार्य चार चरण बुआई, निंदाई, कटाई और मिंजाई में बटा हुई है। इसी तरह चार किश्तों में राशि दी जा रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्य में बहुत आसानी हुआ है। ग्राम घुमका के किसान श्री शत्रुहन लाल वर्मा को 10 हजार रूपए  एवं श्री प्रभुलाल यादव को 8 हजार रूपए की राशि मिली।

2 replies on “राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत जिले में एक लाख 65 हजार 275 किसानों को 119 करोड़ 56 लाख 55 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई”