छत्तीसगढ़ हॉकी लीग बनी देश की रोल मॉडल : केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया

joharcg.com रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस लीग की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि हॉकी केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली खेल परंपरा और राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तरह के आयोजन देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
दृढ़ इच्छाशक्ति से संभव हैं ऐसे आयोजन

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने कहा कि यदि सरकार में दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो इस तरह के सफल खेल आयोजनों को संभव बनाया जा सकता है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इसका बेहतरीन उदाहरण है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खेलों का विकास होता है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि हॉकी भारत की समृद्ध खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने असाधारण खेल कौशल से पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ाया। उनकी उपलब्धियां आज भी देश के युवाओं को प्रेरित करती हैं।
खेलो इंडिया और फिट इंडिया से बदला माहौल
डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि आज युवा खेलों को केवल मनोरंजन या शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं मानते, बल्कि इसे अपनी प्रतिभा दिखाने और बेहतर भविष्य बनाने के अवसर के रूप में देख रहे हैं।
छह टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण में प्रदेश की छह टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस शामिल रहीं।
इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि प्रत्येक टीम में एक-एक ओलंपिक खिलाड़ी को शामिल किया गया था। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा उनसे खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।
केंद्रीय मंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का स्वरूप और अधिक व्यापक होगा। यह लीग प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का सशक्त मंच बनेगी। इससे राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की पहचान और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री साय ने भी की लीग की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों, जनजातीय क्षेत्रों और दूरस्थ अंचलों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित अवसर और आधुनिक प्रशिक्षण की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने बस्तर से सरगुजा तक के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच दिया है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ा जाएगा।
छत्तीसगढ़ी कमेंट्री ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण
लीग की एक और खास विशेषता इसके मुकाबलों का जियोहॉटस्टार पर प्रसारण रहा। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री की व्यवस्था की गई, जिससे प्रदेश की स्थानीय संस्कृति और भाषा को भी व्यापक पहचान मिली।
लीग का प्रेरक संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला संस्करण प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है। अब उम्मीद है कि इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर सीधे WhatsApp पर!
हमारे आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें और रहें सबसे पहले अपडेटेड।